
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 6.110 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3,15,500 रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस को 16 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे स्थित एक पान दुकान के पास एक व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रविन्द्र कुमार सतपथी (54 वर्ष) निवासी काटाभांजी, जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 49/26, धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही है, ताकि पूरे तस्करी गिरोह पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट द्वारा 13 मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 131.768 किलोग्राम गांजा सहित नगदी और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।










