राज्यसभा में साहू समाज की उपेक्षा अब और नहीं; छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने प्रमुख राजनैतिक नेतृत्व के समक्ष रखी अपनी दावेदारी

0
366

रायपुर | 23 फरवरी 2026 | CG DASTAK

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच साहू समाज ने भी अपने प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर मजबूत आवाज उठाई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष निरेन्द्र साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात कर राज्यसभा में समाज को अवसर देने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से मुलाकात कर समाज की भावनाओं से अवगत कराया। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से दूरभाष के माध्यम से चर्चा कर राज्यसभा के लिए साहू समाज के योग्य प्रतिनिधि को अवसर देने का आग्रह किया गया।

समाज की मांग को मुखर कर रहे प्रदीप साहू

इस पूरी पहल में प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से चर्चा में रही। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पद की मांग नहीं, बल्कि लाखों साहू समाज के लोगों के स्वाभिमान और सम्मान का प्रश्न है।

प्रदीप साहू ने कहा,

“साहू समाज वर्षों से अपनी बारी का इंतजार कर रहा है, लेकिन हर बार उपेक्षा का सामना करना पड़ा है। प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समाज को अब उच्च सदन में प्रतिनिधित्व मिलना ही चाहिए। समाज की भावनाएं इस मुद्दे से गहराई से जुड़ी हैं और हमें उम्मीद है कि नेतृत्व इस बार न्याय करेगा।”

उनकी सक्रियता और लगातार संवाद के प्रयासों को समाज के भीतर सकारात्मक नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है।

अध्यक्ष निरेन्द्र साहू का नेतृत्व, संतुलित संदेश

प्रदेश अध्यक्ष निरेन्द्र साहू ने स्पष्ट किया कि साहू समाज केवल संख्या में बड़ा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और विकास में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज ने दोनों प्रमुख दलों से विनम्र आग्रह किया है कि सामाजिक संतुलन और न्याय के आधार पर इस बार साहू समाज को राज्यसभा में प्रतिनिधित्व दिया जाए। साथ ही यह भी संकेत दिया कि जो दल समाज की भावनाओं का सम्मान करेगा, उसे समाज का सहयोग मिलेगा।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रतिनिधिमंडल में प्रदीप साहू के साथ गोपाल साहू, रोबिन साहू, देवदत्त साहू, प्रवीण साहू, गोपी साहू, गुलशन साहू, लोकेश साहू सहित समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सामाजिक न्याय के तहत साहू समाज को राज्यसभा में स्थान देने की मांग की।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव से पहले साहू समाज की यह सक्रियता आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।

https://www.instagram.com/reel/DVFOuC8jAhW/?igsh=MWtwMWJ0ZGdhNTI4OA==

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here