राजिम कुंभ मेले में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास, जमीन कारोबारी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से मचा बवाल

0
93

गरियाबंद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित राजिम कुंभ मेले से धार्मिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने का गंभीर मामला सामने आया है। मेले के दौरान एक जमीन कारोबारी द्वारा दुकानदार के साथ समुदाय विशेष को लेकर गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में शिकायत मिलने के बाद राजिम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, यह घटना राजिम कुंभ मेले के नए मेला स्थल की है, जहां उद्घाटन से पहले एक खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदार ने ठेला लगाया था। इसी दौरान रायपुर जिले के नवापारा निवासी जमीन कारोबारी अजय तिवारी मेला स्थल पर पहुंचा और ठेला संचालक के साथ गाली-गलौज करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया।

वायरल वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, “ये समुदाय विशेष है, ये थूककर बेचते हैं”। इसके साथ ही वह दुकानदार से पहचान पत्र (आईडी) मांगते हुए आपत्तिजनक और कथित जातिगत टिप्पणी करता नजर आ रहा है। वीडियो में एक वाहन भी दिखाई दे रहा है, जिस पर “सभापति नगर पंचायत राजिम” लिखा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 1 फरवरी का है।

शिकायतकर्ता ने क्या कहा

राजिम निवासी शुभम शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह रोजी-मजदूरी का काम करता है और 1 फरवरी को दोस्तों के साथ राजिम कुंभ मेला घूमने गया था। उसी दौरान उन्होंने देखा कि अजय तिवारी नशे की हालत में ठेला व्यापारी से गाली-गलौज कर रहा था और उससे जबरन आईडी मांग रहा था। यह व्यवहार उन्हें और उनके साथियों को आपत्तिजनक लगा, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की।

कांग्रेस ने लगाया राजनीतिक आरोप

मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति भाजपा से जुड़ा हुआ नेता है। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ जैसे धार्मिक आयोजन में ठेला लगाने वाले व्यापारियों से जबरन आईडी मांगना और समुदाय विशेष को लेकर टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या सरकार ने व्यापार करने के लिए कोई आईडी कार्ड अनिवार्य किया है? साथ ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मेले में काम कर रहे व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फर्जी नेम बोर्ड लगाकर घूमने का आरोप

बताया जा रहा है कि आरोपी कारोबारी पूरे मेले में सभापति नगर पंचायत राजिम लिखा हुआ फर्जी नेम बोर्ड लगी गाड़ी से घूम रहा था। हालांकि गाड़ी आरोपी की है, लेकिन वह किसी भी प्रकार का जनप्रतिनिधि नहीं है। आरोपी मूल रूप से रायपुर जिले के नवापारा का निवासी है और राजिम में उसका बड़ा जमीन कारोबार बताया जा रहा है। रसूख दिखाने के लिए वह फर्जी नेम बोर्ड का इस्तेमाल कर रहा था।

पुलिस का बयान

एडिशनल एसपी धीरेंद्र पटेल ने बताया कि मेला क्षेत्र में अजय तिवारी द्वारा गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणी की शिकायत मिली थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। इसके साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और मेला क्षेत्र में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here