
राजनांदगांव। जिले में अवैध हथियारों के साथ लोगों को डराने-धमकाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 2 देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया।

एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि 12 फरवरी 2026 को शंकरपुर क्षेत्र से सूचना मिली थी कि शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली अपने साथियों के साथ डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास पिस्टल और कट्टा दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही चिखली चौकी पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर चार संदेही भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपियों में शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली, दिगंबर साहू उर्फ छोटू, सेवक कश्यप उर्फ डाला और गुंजेश वर्मा उर्फ शिवा शामिल हैं। तलाशी के दौरान शिवम के पास से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस तथा दिगंबर साहू के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 111 बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदकर लाए थे और क्षेत्र में रौब जमाने के साथ उनकी बिक्री की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए दुर्ग से विक्की देशमुख उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया। वहीं मोहारा पुल के पास से उमेश साहू और जतीन दास मानिकपुरी को पकड़ा गया, जिनके पास से एक पिस्टल बरामद हुई।
इस तरह कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।
इस कार्रवाई में चिखली चौकी स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










