
मुंगेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन ‘बाज’ के अंतर्गत ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बी.आर. साव स्कूल मैदान में कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय देवांगन (40 वर्ष), कृष्ण कमल डाहिरे (22 वर्ष) और कोमल यादव (22 वर्ष) शामिल हैं।

आरोपियों के कब्जे से 11 पैकेटों में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये है। साथ ही 3 मोबाइल फोन और तस्करी में उपयोग की जा रही एक मोटरसाइकिल (सीजी 09 जेएफ 5822) भी जब्त की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि यह ब्राउन शुगर किशोर ध्रुव (36 वर्ष) और अमित साहू (38 वर्ष), निवासी झझपुरी खुर्द, थाना जरहागांव के लिए लाई जा रही थी। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर, पांच मोबाइल फोन (लगभग 70 हजार रुपये) और एक मोटरसाइकिल (करीब 65 हजार रुपये) जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 60/26 धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।










