रिपोर्ट: सौरभ सतपथी | महासमुंद, 24 जून 2025
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की बेटी दिव्या रंगारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिव्या ने मालदीव में आयोजित अंडर-16 एशियन चैंपियनशिप क्वालीफायर में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता और आगामी फिबा अंडर-16 वूमेन एशियन चैंपियनशिप 2025 के लिए भारतीय टीम के साथ मलेशिया में क्वालिफाई किया है।
भारत ने श्रीलंका को हराकर फाइनल में हासिल की जीत
12 से 15 जून 2025 के बीच आयोजित इस क्वालीफायर टूर्नामेंट में भारतीय बालिका बास्केटबॉल टीम ने श्रीलंका, बांग्लादेश और मालदीव को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर न केवल स्वर्ण पदक जीता बल्कि 14 से 20 सितंबर 2025 तक मलेशिया में होने वाली फिबा एशियन चैंपियनशिप में जगह बना ली।
छत्तीसगढ़ से एकमात्र चयन, महासमुंद की दिव्या रंगारी
भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ से एकमात्र बालिका खिलाड़ी दिव्या रंगारी, निवासी महासमुंद, शामिल हैं। दिव्या ने इससे पहले भी 48वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2023 में पांडिचेरी में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
कलेक्टर सहित अधिकारियों ने दी बधाई
दिव्या की इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सीईओ एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारियों और बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों ने दिव्या को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
मिनी स्टेडियम महासमुंद बना खेल प्रतिभाओं की भूमि
महासमुंद के स्थानीय मिनी स्टेडियम में दिव्या प्रतिदिन अभ्यास करती हैं। यहीं से तैयार होकर उन्होंने राष्ट्रीय और अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय किया। यहां आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के सैकड़ों बच्चे बास्केटबॉल का नियमित अभ्यास करते हैं।
प्रशंसा में आगे आए खेल संगठन
दिव्या की उपलब्धि पर नुरेन चंद्राकर (अध्यक्ष, जिला बास्केटबॉल संघ), गौरव चंद्राकर (चेयरमैन), शुभम तिवारी (सचिव), मनीष श्रीवास्तव, संतोष कुमार सोनी आदि ने भी बधाई दी और इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।