
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के रजबंधा मैदान स्थित पुरातन मरही माता मंदिर में 16 मार्च 2026 को हुए उपद्रव के खिलाफ अब विरोध तेज हो गया है। इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप
संगठनों का कहना है कि छत्तीसगढ़िया समाज के आराध्य स्थल में अराजक तत्वों द्वारा हमला कर समाज की भावनाओं को आहत किया गया है, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने इसे प्रदेश की अस्मिता पर हमला बताया।
“लगातार हो रहे हमले” – गोपी साहू
जिला अध्यक्ष गोपी साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान और अस्मिता पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडित की गई और अब नवरात्रि के समय मरही माता मंदिर को निशाना बनाया गया, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।

नशे को बताया घटना की वजह
महिला उपाध्यक्ष ऋचा वर्मा ने राज्य में बढ़ते नशे को ऐसी घटनाओं का कारण बताया। उन्होंने कहा कि नशे पर नियंत्रण नहीं होने से अपराध बढ़ रहे हैं, और गृह मंत्री से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदेश महासचिव कंचन दास मानिकपुरी ने कहा कि उपद्रव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

आंदोलन की चेतावनी
संगठनों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है और लोग मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।









