रायपुर, तेलीबांधा | 06 मई 2025:
तेलीबांधा थाना पुलिस ने सोमवार रात एक गुप्त सूचना के आधार पर आदित्य फार्म हाउस में छापेमारी कर एक अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। मौके से पार्टी ऑर्गेनाइज़र विकास सिंह बरोई को गिरफ्तार किया गया है जबकि फार्म हाउस का संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
छापेमारी के दौरान क्या मिला?
पुलिस टीम जब फार्म हाउस पहुंची, तो वहां बर्थडे पार्टी के नाम पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। मौके से 9 नग हुक्का सेट, अलग-अलग फ्लेवर और अन्य संसाधन बरामद किए गए।
गिरफ्तार हुआ पार्टी ऑर्गेनाइज़र:
गिरफ्तार आरोपी विकास सिंह बरोई (पिता स्व. सुरेश सिंह, निवासी 227/K RBC कोलकाता) मौके पर हुक्का पीते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि फार्म हाउस का संचालक खुद यह हुक्का पार्टी आयोजित करवा रहा था। पुलिस पहुंचते ही संचालक फरार हो गया।
कानूनी कार्यवाही:
पुलिस ने कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4, 21(1) के तहत मामला दर्ज करते हुए, जब्ती पत्रक तैयार कर अवैध सामग्री को कब्जे में लिया है। फरार संचालक की तलाश जारी है।
तेलीबांधा पुलिस ने जताई सख्ती:
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू उत्पादों के उपयोग व अवैध हुक्का बार संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।