
बिलासपुर। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साजिद अहमद को सिर्फ 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
सोशल मीडिया से दोस्ती, फिर शोषण की शुरुआत
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता पढ़ाई के सिलसिले में बिलासपुर में रहती थी, जहां फरवरी 2025 में उसकी पहचान साजिद अहमद नामक युवक से हुई। दोनों के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान साजिद ने युवती को घुमाने के बहाने अपने किराए के घर बुलाया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

वीडियो बनाकर दी धमकी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इस कृत्य का वीडियो गोपनीय रूप से रिकॉर्ड किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर फरवरी से अक्टूबर 2025 तक युवती का मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा। घटना उजागर करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
10 घंटे में गिरफ्तारी
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए मां के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश पांडे की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिर्फ 10 घंटे में मानपुर (जिला सूरजपुर) से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।










