बिलासपुर लूटकांड का खुलासा: 3.5 करोड़ की ज्वेलरी लूट मामले में यूपी से 4 संदिग्ध हिरासत में

0
29

बिलासपुर। राजकिशोर नगर के सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से 17 फरवरी की रात हुई करीब 3.50 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार, चार संदिग्ध आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। बिलासपुर पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर वापस लौट रही है।

जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी दुकान है। घटना की रात वे दुकान बंद कर सोने के जेवर कार में लेकर घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पर बीएसएनएल ऑफिस गली के पास पहले से खड़ी एक सफेद कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। जैसे ही वे नीचे उतरे, कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद आरोपी करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, लगभग 3.5 लाख रुपये नकद और उनकी कार लेकर फरार हो गए।

वारदात के बाद आरोपी अपनी वैन और बाइक मौके पर छोड़कर कारोबारी की कार से भाग निकले। बाद में उर्तुम क्षेत्र में कार छोड़कर उन्होंने वाहन बदलते हुए स्कॉर्पियो और आई-20 से उत्तर प्रदेश की ओर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने घटना से पहले करीब छह महीने तक सीपत क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर कारोबारी की गतिविधियों की रेकी की थी। उत्तर प्रदेश एटीएस की मदद से अहरौरा क्षेत्र में आरोपियों को हिरासत में लिया गया। मामले का विस्तृत खुलासा आरोपियों को बिलासपुर लाने के बाद किया जाएगा।

इधर, गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी का इलाज जारी है। उनके सिर में गहरी चोटें आई हैं, जिन पर करीब 50 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उन्हें आईसीयू में रखा गया है। इस कार्रवाई के बाद शहर के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है, हालांकि सुरक्षा को लेकर चिंता अब भी बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here