बिलासपुर में बंदूक की नोक पर सर्राफा व्यापारी से लूट, गहनों से भरी कार लेकर फरार

0
17

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार रात सर्राफा व्यवसायी से बंदूक की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी को रास्ते में रोककर मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात से भरी उनकी कार लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक हैं। वे रोज की तरह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर गहनों को अपनी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार में रखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टेलीफोन एक्सचेंज रोड, शक्ति चौक के पास एक सफेद वैन ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।

कार रुकते ही बाइक सवार अन्य बदमाश भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने बंदूक दिखाकर संतोष तिवारी को कार से बाहर उतारा और उनके साथ जमकर मारपीट की। बदमाशों ने बंदूक की बट और हथौड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद गहनों से भरी उनकी कार लेकर फरार हो गए।

घटना पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वारदात के दौरान इलाके में आवाजाही होने के कारण बदमाश हड़बड़ी में अपनी वैन और बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यवसायी को अस्पताल में भर्ती कराया।

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपियों द्वारा छोड़े गए वाहन और एक मैगजीन व जिंदा राउंड भी मौके से बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को व्यवसायी की गतिविधियों और गहनों के बारे में पहले से जानकारी थी।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here