
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरगिट्टी स्थित नर्मदा ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड पर मंगलवार सुबह दबिश दी। यह फैक्ट्री कोका-कोला कंपनी के उत्पादों का निर्माण करती है। कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की 6 सदस्यीय टीम सुबह फैक्ट्री पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। अधिकारियों द्वारा आय, लेन-देन और वित्तीय रिकॉर्ड से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग ने इसी मामले से जुड़े अन्य राज्यों में स्थित संबंधित इकाइयों पर भी एक साथ कार्रवाई की है। जांच के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी के साक्ष्य मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री परिसर के बाहर सुरक्षा के लिए जवान तैनात किए गए हैं। फिलहाल जांच जारी है और आयकर विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।










