बड़ी खबर: गृह मंत्री के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कसा तंज – “दो साल से सिर्फ बयानबाज़ी!”

0
50

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर लगाम लगाने के लिए सरकार अब एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने घोषणा की है कि राज्य सरकार जल्द ही देश का सबसे सशक्त धर्मांतरण विरोधी कानून लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह के अवैध धर्मांतरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ कड़ा एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है।

गृह मंत्री के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा —

“भाजपा को सत्ता में आए दो साल हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कानून नहीं आया। सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए ऐसे बयान देकर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है।”

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा केवल प्रोपेगेंडा चला रही है, काम कुछ नहीं कर रही। उन्होंने एसपी को परफॉर्मेंस सुधारने के अल्टीमेटम वाले गृह मंत्री के बयान पर भी सवाल उठाया और कहा —

“अगर अल्टीमेटम का असर होता, तो ननकी राम कंवर को रायपुर में धरना देने नहीं आना पड़ता। कार्रवाई के बजाय तो कोरबा कलेक्टर की तारीफ की जा रही है।”

इसके साथ ही बैज ने भूपति समेत 60 नक्सलियों के सरेंडर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा —

“एक महीने पहले पकड़े गए लोगों को अब सरेंडर करवा रहे हैं। यहां तक कि पंचर बनाने वाले को भी सरेंडर कराने की तैयारी थी। सरकार बताए कि इन नक्सलियों की असली जानकारी क्या है?”

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि सरकार का मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का वादा महज़ एक झूठा दावा है। उन्होंने कहा —

“कैंप के पास ब्लास्ट होता है, भाजपा कार्यकर्ता की हत्या होती है और सरकार कहती है कि नक्सलवाद खत्म हो जाएगा। मार्च के बाद नया बहाना मत ढूंढिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here