
बलौदाबाजार। जादू-मंत्र के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले पिता-पुत्र को पलारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने वर्ष 2022 में दो अलग-अलग मामलों में कुल 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं।
पहले मामले में ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव (57 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 अक्टूबर 2022 को आरोपियों ने जादू-मंत्र के माध्यम से पैसे कई गुना करने का दावा करते हुए उससे 3 लाख रुपये नगद ले लिए और बाद में रकम वापस नहीं की। इस मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 452/2025 के तहत धारा 420 और 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
दूसरे मामले में ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार ने बताया कि 2 नवंबर 2022 को आरोपियों ने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर उससे 2 लाख रुपये ले लिए। जब उसने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इस पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 454/2025 के तहत धारा 420, 506 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर पलारी पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम धौराभाठा, थाना खरोरा (जिला रायपुर) से आरोपी दीनदयाल जांगड़े (66 वर्ष) और पुरुषोत्तम जांगड़े (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जादू-मंत्र के नाम पर पैसा दोगुना करने का झांसा देकर कुल 5 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है। दोनों को 18 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैसा दोगुना करने, जादू-मंत्र या इसी तरह के किसी भी प्रलोभन में न आएं और ऐसी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










