कवर्धा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बहुप्रतीक्षित पंडरिया दौरा आज मौसम की खराबी के चलते रद्द कर दिया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्हें हेलिकॉप्टर से पंडरिया पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी। अब मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय को पंडरिया में आयोजित ‘महतारी अलंकरण सम्मान’ कार्यक्रम में शामिल होना था। साथ ही वे क्षेत्रवासियों को ₹72 करोड़ 70 लाख से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने वाले थे। उनके दौरे के दौरान 61 विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण के साथ-साथ कॉलेज छात्राओं के लिए 5 नि:शुल्क बसों के संचालन की शुरुआत भी प्रस्तावित थी।
इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय, विधायक भावना बोहरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी तय थी। कार्यक्रम स्थल स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल मैदान, पंडरिया में सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई थीं।
हालांकि मौसम ने आयोजन पर असर डाला और मुख्यमंत्री का दौरा स्थगित करना पड़ा। प्रशासन ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री अब वर्चुअली जुड़कर सभी योजनाओं और कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी देंगे।