
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस में धर्मांतरण और चंगाई सभा को लेकर गंभीर चर्चा की गई। इसी बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि “धर्मांतरण के खिलाफ जल्द सख्त कानून लाया जाएगा, जो देश का सबसे सशक्त कानून होगा।”
उन्होंने कहा कि “चंगाई सभा बंद होनी चाहिए, यह लोगों को भ्रमित करने के लिए होती हैं।”
मुख्यमंत्री की फटकार — परफॉर्मेंस सुधारने का आखिरी मौका
प्रदेश में कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 3-4 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को फटकार लगाई।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “मुख्यमंत्री ने सभी एसपी को स्पष्ट हिदायत दी है — जिनका प्रदर्शन ठीक नहीं है, उन्हें सुधारने का आखिरी मौका दिया गया है। अगर परफॉर्मेंस बेहतर नहीं हुई, तो निर्णय लिया जाएगा।”
कांग्रेस पर पलटवार — “टिकट बेचने नहीं, जीतने जा रहे हैं”
बिहार चुनाव में भाजपा नेताओं के जाने को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा —
“कांग्रेस नेता को बताना चाहिए कि उनकी पिछली पदयात्रा का परिणाम क्या रहा। भाजपा के कार्यकर्ता कैसे जाएंगे, यह कांग्रेस छोड़ दे। हमें विश्वास है कि बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। सीटों का बंटवारा भी हो चुका है और हम पूरी ताकत से जीत सुनिश्चित करने में लगे हैं।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब देखना यह है कि वे वहां जाकर लड़ाई करेंगे या टिकट बेचेंगे।”
📍संपादन: CG Dastak न्यूज़ डेस्क










