
रायपुर। राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर सहायक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन बुधवार को उग्र हो गया। पिछले 57 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर अंगारों पर चलकर विरोध जताया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अभ्यर्थियों व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई।

हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे कई अभ्यर्थी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान 4 अभ्यर्थी चोटिल हुए, जबकि पानी की तेज बौछार से दो युवतियां बेहोश हो गईं।
घटना के बाद करीब एक घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर साथी अभ्यर्थियों ने बेहोश युवतियों को कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की। बाद में उन्हें अभनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेज दिया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
गौरतलब है कि डीएड अभ्यर्थी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने से नाराज हैं और 24 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं। इससे पहले अभ्यर्थियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग भी की थी।










