
रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान में निवेश का झांसा देकर 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देश छोड़कर वियतनाम भागने की फिराक में था, जिसे लुक आउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट से ट्रेस कर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी समर्थ बरडिया ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि यश राजेश शाह ने स्वयं को तंजानिया में सोने की खदान का मालिक बताते हुए उसे और उसके साथी मुकुल चोपड़ा को पार्टनरशिप में निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज और अनुबंध तैयार कर खनन से लाभ दिलाने का झांसा देकर कुल 1.90 करोड़ रुपये ले लिए।
जांच में पता चला कि आरोपी के पास तंजानिया में किसी भी प्रकार का खनन अधिकार नहीं था और उसने योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था।
इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी विदेश भागने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा है। दस्तावेजों की जांच के दौरान LOC के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। रायपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया है। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
यश राजेश शाह (28 वर्ष), निवासी घाटकोपर पूर्व, मुंबई (महाराष्ट्र)










