ढाई लाख की लूट का खुलासा: अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार, 7 वारदातों में 9.83 लाख की लूट कबूली

0
22

जांजगीर-चांपा। किसान से ढाई लाख रुपये की लूट के मामले में जांजगीर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी बिहार के कटिहार जिले के निवासी हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में एक-दो नहीं बल्कि कुल सात लूट और उठाईगिरी की वारदातों को अंजाम दिया है। इन घटनाओं में उन्होंने कुल 9 लाख 83 हजार रुपये लूटे थे।

मामला 13 फरवरी का है, जब शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदेई में एक किसान पामगढ़ स्थित एसबीआई बैंक से 2.5 लाख रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसका पीछा कर रास्ते में रकम लूट ली। घटना के बाद थाना शिवरीनारायण में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर साइबर टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच में पता चला कि आरोपी बिहार के कटिहार के रहने वाले हैं और बिलासपुर में ठहरे हुए थे।

इसके बाद जांजगीर और बिलासपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुराने बस स्टैंड क्षेत्र के एक लॉज से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने किसान से लूट की घटना समेत अन्य जिलों में की गई वारदातों को भी स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह बैंक में पैसे निकालने आए बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करता था। उनके घर तक पीछा कर मौका मिलते ही लूट की घटना को अंजाम देता था। पीड़ित को भ्रमित करने के लिए आरोपी केंवाच पाउडर का भी इस्तेमाल करते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने अंबिकापुर, रायगढ़, सारंगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में वारदातें की थीं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, साइबर थाना टीम और शिवरीनारायण थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here