
रायपुर (ग्रामीण)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक मकान में छापेमारी कर आरोपी के कब्जे से 1,80,000 रुपये नगद सहित सट्टा संचालन से जुड़े कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान उक्त मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा और थाना तिल्दा नेवरा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मौके से जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। मोबाइल फोन की जांच में आरोपी द्वारा 777 Grand Exchange और JMD Bet आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,80,000 रुपये नकद, 3 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 75,000 रुपये), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टा हिसाब की कॉपियां, कैलकुलेटर सहित कुल 2,55,000 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के बैंक खातों की जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से रोहतक (हरियाणा) का रहने वाला है और वर्तमान में कोहका स्थित किराए के मकान में रह रहा था।










