जांजगीर लूट कांड का खुलासा : नाबालिग नौकर निकला मास्टरमाइंड, साढ़े 10 लाख रुपये लूट में 3 गिरफ्तार, एक फरार

0
94

जांजगीर-चांपा। नैला में खाद और कीटनाशक व्यापारी से साढ़े 10 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। व्यवसायी का नाबालिग नौकर ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। बेहद शातिर तरीके से योजना बनाकर उसने साथियों के साथ लूट को अंजाम दिलाया। पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पूरा मामला

6 सितंबर की रात नैला में व्यवसायी अरुण अग्रवाल दुकान से कलेक्शन की रकम लेकर घर लौट रहे थे। तभी दो बदमाशों ने उन्हें गिराकर चाकू की नोक पर साढ़े 10 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय पांडेय खुद मौके पर पहुंचे और 12 अलग-अलग पुलिस टीमों को जांच में लगाया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदेहियों से पूछताछ की गई।

पुलिस को शुरू से ही व्यवसायी के नाबालिग नौकर पर शक था, क्योंकि वारदात के दौरान वह लगातार मोबाइल पर लगा हुआ था। जांच में खुलासा हुआ कि नाबालिग नौकर ने ही व्यापारी के रोजाना लाखों रुपये घर ले जाने की जानकारी मुकेश सूर्यवंशी और विक्की पंडित को दी। उसने इंस्टाग्राम मैसेज से “सिंगल बेस्ट ऑफ लक” भेजकर दुकान से निकलने की सूचना दी थी।

पुलिस का बड़ा खुलासा

एसपी विजय पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि –

  • नाबालिग नौकर ने मास्टरमाइंड बनकर लूट की पूरी साजिश रची थी।
  • गिरफ्तार आरोपी – नाबालिग नौकर, मुकेश सूर्यवंशी और विक्की पंडित हैं।
  • एक आरोपी चंदन सूर्यवंशी अभी फरार है।
  • पुलिस ने लूट की रकम 10 लाख 44 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और चाकू बरामद किए हैं।
  • यही गिरोह डेढ़ माह पहले बोड़सरा शराब दुकान से 2.40 लाख रुपये चोरी कर चुका था।

पुराना अपराध और गिरोह का इतिहास

जांच में सामने आया कि मुकेश और विक्की की मुलाकात जेल में हुई थी। दोनों पहले अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं और पिछले साल रिहा हुए थे। बोड़सरा शराब दुकान चोरी के दौरान आरोपी लॉकर उठा ले गए थे और बाद में उसे नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने उस चोरी की रकम में से 64 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।

अभी की स्थिति

पुलिस फरार आरोपी चंदन सूर्यवंशी की तलाश में जुटी है। एसपी विजय पांडेय ने कहा कि नहर से लॉकर को बरामद किया जाएगा और बाकी सुरागों पर भी काम जारी है। इस सफल कार्रवाई के बाद जांजगीर पुलिस की सराहना हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here