
जिले में पहली बार बदमाश के पैर में लगी गोली
जांजगीर-चांपा। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले खतरनाक लूटपाट गिरोह पर पुलिस ने बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई की है। 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्र में 5 अलग-अलग स्थानों पर लूट और जानलेवा हमलों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक आरोपी का पुलिस मुठभेड़ में हाफ एनकाउंटर हुआ है। यह जांजगीर जिले का पहला मामला है, जब घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के 9 आरोपियों में से अब तक 8 को गिरफ्तार किया जा चुका है। नवां आरोपी रामनाथ, जब पुलिस की घेराबंदी में आया तो उसने कट्टे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

5 वारदातें, 13 घायल… 2 की हालत गंभीर
- इन लूट और हमलों में कुल 13 आम नागरिक घायल हुए हैं।
- 2 घायलों की हालत बेहद गंभीर है, जिनका इलाज बिलासपुर और रायपुर के अस्पतालों में जारी है।
- एक घायल कोमा में बताया जा रहा है।
आरोपियों ने रॉड, लोहे के पाइप, डंडे और बेल्ट से राह चलते लोगों के सिर पर जानलेवा वार किए और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने बरामद किया 4 लाख से ज्यादा का माल
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से—
- स्टील रॉड – 4
- डंडे – 2
- बेल्ट – 1
- मोटरसाइकिल (KTM) – 2
- सीडी डीलक्स – 1
- स्कूटी – 1
- मोबाइल फोन – 10
- नगद राशि – ₹9,000
कुल जब्त संपत्ति : ₹4,09,000
सुनियोजित और क्रूर था गिरोह का तरीका
जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमते थे, राहगीरों को रोकते और सीधे सिर पर प्राणघातक हमला करते थे। इसके बाद मोबाइल, नकदी और कीमती सामान लूट लेते थे। कई मामलों में एक ही रात में लगातार तीन-तीन घटनाओं को अंजाम दिया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
इन धाराओं में दर्ज हुए मामले
आरोपियों के खिलाफ शिवरीनारायण और पामगढ़ थानों में बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।










