
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट श्रीमती आकांक्षा सत्यवंशी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री ने उन्हें टाटा सिएरा एसयूवी कार उपहार स्वरूप प्रदान की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों ने विश्व कप जीतकर देश और राज्य का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना के विकास से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रशिक्षण मिल रहा है, जिसके कारण वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से दूर-दराज के क्षेत्रों के युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं। वहीं नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से भी प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि पिछली मुलाकात में भी आकांक्षा का आत्मविश्वास और ऊर्जा प्रेरणादायक थी और आज भी वही उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य के विश्व कप में भी टीम इसी जज्बे के साथ सफलता हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री का स्नेह बढ़ाता है हौसला – आकांक्षा सत्यवंशी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया और उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है और यह पल उनके जीवन में हमेशा यादगार रहेगा। इस दौरान उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।
टाटा मोटर्स ने दिया विशेष सम्मान
उल्लेखनीय है कि आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद टाटा मोटर्स द्वारा टीम के सदस्यों को टाटा सिएरा एसयूवी उपहार स्वरूप देने की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की निवासी आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा सत्यवंशी के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।










