
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में नव नियुक्त आबकारी उप निरीक्षकों को बड़ा झटका लगा है। सिर्फ 24 घंटे पहले जारी नियुक्ति आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इस फैसले से चयनित अभ्यर्थियों में असमंजस और चिंता का माहौल बन गया है।
कार्यालय आबकारी आयुक्त द्वारा जारी निरस्तीकरण आदेश में कहा गया है कि 21 जनवरी 2026 को जारी नियुक्ति आदेश को तकनीकी कारणों से निरस्त किया जा रहा है। हालांकि आदेश में तकनीकी कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।
85 अभ्यर्थियों को मिली थी नियुक्ति
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के माध्यम से आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2024 की चयन सूची के आधार पर कुल 85 अभ्यर्थियों को आबकारी उप निरीक्षक पद पर नियुक्ति दी गई थी। नियुक्ति आदेश जारी होने के अगले ही दिन इसे निरस्त कर दिए जाने से प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।
अभ्यर्थियों में असमंजस
नियुक्ति निरस्त होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के बीच भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। फिलहाल विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि नई नियुक्ति प्रक्रिया कब और किस आधार पर दोबारा शुरू की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े कुछ प्रशासनिक या तकनीकी बिंदुओं को लेकर पुनः परीक्षण किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई को लेकर निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।











