
रायपुर। न्यायालय में गवाही देने से रोकने के लिए प्रार्थी को जान से मारने की धमकी देने वाला फरार आरोपी मनीष सिंह को अंततः तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और क्रेटा वाहन (CG/04/PE/3540) भी जब्त किया गया है।
यश शर्मा हत्याकांड से जुड़ा है मामला
थाना राजेन्द्र नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2024 में यश शर्मा की मौत का मामला दर्ज है, जिसमें प्रार्थी कमलेश बुलवानी और उसका साथी खुशाल तोलानी साक्षी हैं। आरोप है कि यश शर्मा को अपहरण कर मारपीट की गई थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में तुषार पाहुजा, चिराग पंजवानी, तुषार पंजवानी और यश खेमानी आरोपी हैं।
प्रार्थी को 20 मई 2025 को कोर्ट में गवाही देने का नोटिस मिला था। लेकिन 18 मई को आरोपी मनोहर सिंह और मनीष सिंह ने उसे धमकी दी कि यदि गवाही दी तो उसका हश्र भी यश शर्मा जैसा किया जाएगा।
—
तेलीबांधा थाना में केस दर्ज
इस धमकी के संबंध में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 303/25, धारा 232(1), 351(2), 111 भारतीय दंड संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
पूर्व में आरोपी मनोहर सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका था। जबकि मनीष सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
—
छिपने की कोशिश कर रहा था आरोपी मनीष
पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना टीम लगातार मनीष सिंह की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही। आखिरकार मुखबिर से मिली सूचना पर उसे रायपुर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मनीष सिंह ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है।
—
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार मनीष सिंह थाना तेलीबांधा का चिन्हित गुंडा बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से जुआ एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे कई मामले दर्ज हैं।
—
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: मनीष सिंह
- पिता का नाम: विजय सिंह
- उम्र: 30 वर्ष
- स्थायी पता: सगरागपुर, जल्हागांव, थाना रागरागपुर, जिला मोतीहारी, बिहार
- वर्तमान पता: पुराना आईटीआई स्कूल के पीछे, श्याम नगर, थाना तेलीबांधा, रायपुर
—
रिपोर्ट – CG Dastak










