
गरियाबंद। स्कूल शिक्षा सचिव के आकस्मिक निरीक्षण में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय गरियाबंद की शैक्षणिक गुणवत्ता बेहद निम्न पाई गई। निरीक्षण के दौरान छात्रों की पढ़ाई का स्तर असंतोषजनक होने और स्कूल में अव्यवस्थाएं मिलने पर प्राचार्य वंदना पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल शिक्षा सचिव ने 31 जनवरी 2025 को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे। स्कूल में सफाई व्यवस्था असंतोषजनक, फर्नीचर अस्त-व्यस्त तथा प्रयोगशालाएं भी अव्यवस्थित पाई गईं।
पर्याप्त कक्ष उपलब्ध होने के बावजूद सभी प्रयोगशालाएं एक ही कमरे में संचालित की जा रही थीं। प्रयोगात्मक कार्यों के लिए रखी गई सामग्रियाँ भी खराब और घटिया गुणवत्ता की पाई गईं।
शिक्षा विभाग ने माना कि प्राचार्य वंदना पांडे द्वारा विद्यालय संचालन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और दायित्व निर्वहन में उदासीनता बरती गई है। यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है।
इसी आधार पर राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, रायपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है।










