
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बडेगोबरा के सातमारी पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम ने नक्सलियों के डम्प से एसएलआर, इंसास राइफल सहित विभिन्न प्रकार के हथियार, गोला-बारूद और अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 62 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई नक्सल विरोधी अभियान और क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन के दौरान की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सली इस डम्प का उपयोग भविष्य की बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के लिए कर सकते थे, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया है।

सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में सर्च और सैनिटाइजेशन अभियान लगातार जारी है। इस कार्रवाई को गरियाबंद जिले में नक्सल गतिविधियों पर बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।










