
गरियाबंद। ई-30, एसटीएफ, सीएएफ और कोबरा 207 बटालियन ने लगातार तीन दिन चले ऑपरेशन में 10 बड़े नक्सली लीडर को ढेर करने में सफलता हासिल की थी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गरियाबंद पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित करने और उनका उत्साह बढ़ाने के लिए पुलिस लाइन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल विरोधी अभियान) विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक (रायपुर रेंज) अमरेश मिश्रा, बीएसएफ, सीआरपीएफ, कोबरा 207 व एसटीएफ के अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी ने पुलिस कर्मियों के साथ “बड़ा खाना” (सामूहिक भोज) कर उनकी हौसला-अफजाई की।
डीजीपी गौतम ने कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा बलों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा और नक्सल ऑपरेशन में शामिल सभी जवानों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान राज्य में शांति और विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं।
—










