गरियाबंद के शोभा जंगल में नक्सलियों की कायराना फायरिंग, जवाबी कार्रवाई के बाद सामान छोड़कर भागे माओवादी

0
65

गरियाबंद | cg dastak

गरियाबंद जिले के थाना शोभा अंतर्गत घने जंगलों में सोमवार शाम नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला करने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई के सामने माओवादी टिक नहीं सके और जंगल में अपना राशन व दैनिक उपयोग का सामान छोड़कर फरार हो गए।
जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर, दुर्गम और मोबाइल नेटवर्क विहीन इलाके में ई-30 जिला बल, 207 कोबरा बटालियन, 65वीं एवं 211वीं बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली हुई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई से घबराए नक्सली

सुरक्षाबलों ने पूरी सतर्कता और साहस के साथ मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। जैसे ही सुरक्षाबलों ने जवाब देना शुरू किया, नक्सलियों की रणनीति पूरी तरह विफल हो गई। दबाव बढ़ता देख माओवादी अपने राशन, बर्तन और रोजमर्रा के सामान को मौके पर ही छोड़कर घने जंगल और पहाड़ियों की आड़ में फरार हो गए।

सर्च ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा छोड़ा गया जंगल कैंप का सामान बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि हथियार बरामद नहीं हो सके हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और जंगल पर पुलिस का नियंत्रण बना हुआ है।

नक्सलियों को पुलिस का सख्त संदेश

गरियाबंद पुलिस ने माओवादियों को साफ शब्दों में संदेश दिया है कि—
“जंगल में भागते रहोगे या सम्मान के साथ मुख्यधारा में लौटोगे—फैसला तुम्हारा है।”
पुलिस ने नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील भी की है।
📞 आत्मसमर्पण हेतु संपर्क करें:
नक्सल सेल गरियाबंद – 94792-27805

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here