कार में 50 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 32 लाख से अधिक का माल जब्त

0
17

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार में गांजा की तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50.94 किलोग्राम गांजा, 2 लाख रुपये नगद, मोबाइल फोन और एक कार सहित कुल लगभग 32.67 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस को 14 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे एक कार में सवार दो व्यक्ति गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।

वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (निवासी धमतरी) और हिमांशु दामले (निवासी मोहला-मानपुर) बताया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा गांजा के 12 मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 125 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here