
कवर्धा। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्दौरी पंचायत में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां जमीन विवाद के चलते बेटे ने अपने ही पिता और बुआ की बेरहमी से सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रामकुमार काठले का अपने पिता नारायण काठले से कई महीनों से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बीती रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर सब्बल से अपने पिता और बुआ धरमिन बाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने फरार होने की बजाय सीधे पिपरिया थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस को उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव के लोग इस घटना से सन्न हैं और आपसी विवाद को लेकर इस तरह की निर्मम हत्या पर गहरा आक्रोश जता रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










