
कवर्धा। स्वतंत्रता दिवस के दिन कवर्धा जिले में जमीन विवाद एक बार फिर हिंसा में बदल गया। पांडातराई थाना क्षेत्र के धोबघट्टी गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और जमीन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई से होते हुए लाठी-डंडों और तलवार तक पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने सरेआम तलवार लहराते हुए वार किए, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और गांव में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए इस हमले में कई लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही डॉयल 112 और पांडातराई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने तत्काल मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, जिसके चलते पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।










