
CG News | Raipur
रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद दूसरी हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यह घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी, अर्जुन नगर की है, जहां एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान दुर्गेश साहू, निवासी गुढ़ियारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल बुलाया गया, जहां से अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के कारणों का खुलासा नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, स्थानीय लोगों और संभावित गवाहों के बयान के आधार पर जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
गौरतलब है कि राजधानी में इन दिनों पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान, फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की जा रही है। चाकू लेकर घूमने वाले बदमाशों, नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, बावजूद इसके कमिश्नरी लागू होने के बाद यह दूसरी हत्या सामने आना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस का दावा – जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा है कि आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम को अलर्ट पर रखा गया है।










