उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने डिमरापाल अस्पताल में घायल ग्रामीण व जवान से की मुलाकात, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

0
136

रायपुर/जगदलपुर, 8 अगस्त 2025 —

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा शुक्रवार को डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने बीजापुर जिले में हुए दो अलग-अलग घटनाओं में घायल ग्रामीण प्रमोद ककेम और जवान बामन पोड़ियाम से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को दोनों मरीजों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

घायल ग्रामीण प्रमोद ककेम 5 अगस्त को बीजापुर जिले के इलमिडी गांव में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में बीजापुर से जगदलपुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया था। दूसरी ओर, 29 जुलाई को बीजापुर के बासागुड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान सीआरपीएफ के जवान बामन पोड़ियाम पर जंगली भालू ने हमला कर दिया था। वे भी डिमरापाल हॉस्पिटल में भर्ती हैं और इलाजरत हैं।

उपमुख्यमंत्री ने दोनों ही घायलों से सीधे बात कर उनका हालचाल जाना और परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, “हमारी सरकार हर नागरिक और सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। दोनों ही मामलों में तत्काल एक्शन लिया गया और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।”

इस दौरान चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जगदलपुर महापौर संजय पांडे, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., एसपी शलभ सिन्हा सहित जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि बीजापुर क्षेत्र में लगातार हो रही नक्सली गतिविधियाँ और वन्यजीवों की बढ़ती मौजूदगी आम जनता और सुरक्षाबलों के लिए खतरा बनी हुई हैं। ऐसे में प्रशासन की मुस्तैदी और संवेदनशीलता राहत का संकेत देती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here