
रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र में हुई मकान चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी का मास्टरमाइंड स्वयं पीड़िता का नाबालिग पुत्र ही निकला। पुलिस ने चोरी के जेवर खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
मामला शिवनगर हांडीपारा का है, जहां 29 जनवरी 2026 को अज्ञात चोर द्वारा मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और मोबाइल फोन सहित करीब 2 लाख रुपये की चोरी की गई थी। पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पीड़िता के पुत्र का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने ही चोरी करना स्वीकार कर लिया।
नाबालिग ने बताया कि उसने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात प्रतीक दम्मानी (39 वर्ष), निवासी बूढ़ापारा को बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपी प्रतीक दम्मानी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों के पास से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना आजाद चौक में धारा 331(3), 305 और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आजाद चौक पुलिस की संयुक्त सफलता बताया जा रहा है।










