
सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र से एक रहस्यमयी और हैरतअंगेज मामला सामने आया है। दीपावली अमावस्या की रात जजावल गांव में अनंत सिंह नामक युवक की हत्या कर दी गई। आश्चर्य की बात यह है कि इस हत्या का आरोप किसी इंसान पर नहीं, बल्कि “भूत-प्रेत” पर लगाया गया है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी और अंधविश्वास की चर्चाएं तेज हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना की रात मृतक की पत्नी बसंती ने अपने देवर को फोन कर बताया कि उसके पति की मृत्यु हो गई है। जब देवर मौके पर पहुंचा तो पत्नी ने चौंकाने वाला दावा किया कि “भूत-प्रेत ने मेरे पति की हत्या की है।” उसने यह भी कहा कि यह प्राकृतिक मौत है और अंतिम संस्कार जल्द किया जाए।
लेकिन जब गांववालों ने शव देखा तो अनंत सिंह के सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की आशंका गहराने लगी। मृतक के भाई अनदेव ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने चार दिन बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
फिलहाल सूरजपुर पुलिस यह जांच कर रही है कि हत्या किसी व्यक्ति ने की या फिर यह मामला अंधविश्वास की आड़ में भटकाया जा रहा है। दीपावली की रात में हुई इस रहस्यमयी वारदात ने पूरे क्षेत्र में भय और कौतूहल का माहौल पैदा कर दिया है।










