अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज से दो कैदी फरार: एक पॉक्सो, दूसरा एनडीपीएस आरोपी, जेल सुरक्षा पर उठे सवाल

0
76

सरगुजा। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड से दो विचाराधीन बंदियों के फरार होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। फरार होने वाले दोनों कैदी गंभीर मामलों में आरोपी थे — एक पॉक्सो (POCSO) एक्ट में तो दूसरा एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जेल में बंद था।

जानकारी के अनुसार, फरार बंदियों में पॉक्सो मामले का आरोपी लखनपुर के आंधला निवासी रितेश सारथी, जबकि दूसरा एनडीपीएस एक्ट में आरोपी झिलमिली के जमडी निवासी पवन पाटिल है। दोनों को इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया था।

सेंट्रल जेल अधीक्षक अक्षय राजपूत ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जेल वार्ड में कुल चार बंदी भर्ती थे और सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड भी तैनात थे, बावजूद इसके दो बंदी फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, दोनों कैदी देर रात पुलिस की निगरानी से बचकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। शहर के मुख्य मार्गों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि एक महीने के भीतर यह दूसरी घटना है जब मेडिकल कॉलेज अस्पताल से कैदी फरार हुए हैं। इससे पहले भी एक विचाराधीन बंदी अस्पताल से भागा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं जेल प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

फिलहाल दोनों फरार बंदियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here